आंचलखेड़ा, माखन नगर और सोहागपुर केंद्रों का निरीक्षण; नया कुकरा व नयागांव में शिक्षा स्तर सुधारने के निर्देश

सोहागपुर// नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी ने बुधवार को अपने प्रशासनिक अमले के साथ हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की संचालित परीक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं की चल रही परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कमिश्नर ने विशेष रूप से आंचल खेड़ा, माखन नगर एवं सोहागपुर स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर प्रश्नपत्र वितरण, पर्यवेक्षकों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था तथा गोपनीयता संबंधी प्रबंधों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए।



निरीक्षण के क्रम में कमिश्नर तिवारी आदिवासी बाहुल्य ग्राम नया कुकरा एवं नयागांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक शालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान एवं गणित के बेसिक सवाल पूछे तथा पहाड़े सुनाने को कहा। कई बच्चे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके, जिस पर उन्होंने शिक्षा गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक स्तर पर शिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाए, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है। कमिश्नर के इस निरीक्षण को परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और शिक्षा गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
