संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर// ग्राम सारंगपुर में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्राम पिता राजाराम सूर्यवंशी (45 वर्ष) निवासी ग्राम सारंगपुर ने पुलिस को सूचना दी कि 13 फरवरी 2026 को वह अपने घर पर विश्राम कर रहे थे। दोपहर लगभग 4:30 बजे ग्राम कोटवार राजेश ने उन्हें जानकारी दी कि उनकी पत्नी बिसनिया बाई गांव में स्थित शराब दुकान के पीछे आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकी हुई हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। बताया जा रहा है कि महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर आम के पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस द्वारा पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना जारी है।
ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस घटना से गांव में शोक एवं चर्चा का माहौल बना हुआ है।
