वन विभाग में महिला शक्ति का सम्मान, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आयोजित हुई विशेष कार्यशाला

संवाददाता:- शेख आरिफ।

“सशक्त नारी, सुरक्षित कार्यक्षेत्र, संतुलित जीवन” विषय पर 117 महिला अधिकारियों-कर्मचारियों को POSH अधिनियम और वर्क-लाइफ बैलेंस की दी गई जानकारी

सोहागपुर// वन विभाग में कार्यरत महिलाओं की शक्ति और योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम द्वारा नर्मदापुरम वन वृत्त की महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “सशक्त नारी, सुरक्षित कार्यक्षेत्र, संतुलित जीवन” रखा गया, जिसमें कुल 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षा से संबंधित POSH Act (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम अधिनियम) के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ वर्क-फैमिली लाइफ बैलेंस बनाए रखने के महत्व पर भी चर्चा की गई, ताकि महिलाएं अपने पेशेवर और पारिवारिक जीवन के बीच बेहतर संतुलन स्थापित कर सकें। इस अवसर पर मुख्य वनसंरक्षक नर्मदापुरम अशोक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने वन विभाग में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिला कर्मचारी अपनी मेहनत, समर्पण और दक्षता से विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में राखी नंदा, क्षेत्र संचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व ने वर्क – फैमिली लाइफ बैलेंस विषय पर सत्र लिया, वहीं ऋषिभा सिंह नेताम, उप संचालक ने POSH अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए और एक-दूसरे को प्रेरित करते हुए सकारात्मक कार्य वातावरण बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए सुरक्षित और सहयोगी कार्यस्थल की दिशा में जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!