रसूलिया में गंदगी के बीच बन रही थी बेकरी सामग्री, फैक्ट्री सील

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो ब्रेड-टोस्ट नष्ट; नमूने जांच के लिए भेजे गए

संवाददाता:- शेख आरिफ।

नर्मदापुरम/सोहागपुर। शहर के रसूलिया क्षेत्र में उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई जब खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने ॐ साईं राम बैकरी एवं पेटिस पार्लर पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान जो हालात सामने आए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। निरीक्षण में पाया गया कि भारी गंदगी, दीवारों पर मकड़ी के जालों और दुर्गंधयुक्त अस्वच्छ वातावरण के बीच ब्रेड, टोस्ट और पेटिस जैसी खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। खाद्य पदार्थ खुले में न्यूज पेपर पर रखे मिले और गंदे कपड़ों से ढंके हुए थे, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा था। जांच में यह भी उजागर हुआ कि तैयार उत्पादों पर न तो निर्माण तिथि अंकित थी और न ही अवसान तिथि, जिससे ग्राहकों को यह जानकारी ही नहीं मिल पा रही थी कि वे कितना पुराना खाद्य पदार्थ खरीद रहे हैं। टीम ने मौके से ब्रेड और बेकरी बिस्कुट के नमूने जब्त कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं, ताकि गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच कराई जा सके। हालात अत्यंत चिंताजनक पाए जाने पर जनहित में लगभग 50 किलोग्राम खुली ब्रेड, टोस्ट और पाव को तत्काल नष्ट कराया गया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए निर्माण इकाई को सुधारात्मक कार्य पूर्ण होने तक सील कर दिया है तथा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वैध दस्तावेज, लाइसेंस और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किए बिना फैक्ट्री का संचालन नहीं किया जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!