माया (दफ़ीना) के नाम पर 1.04 करोड़ की ठगी, आरोपी पुलिस गिरफ्त में

संवाददाता:- शेख आरिफ।

सोहागपुर/नर्मदापुरम। दफ़ीना (माया) और गड़ा सोना निकालने का लालच देकर एक बुजुर्ग से 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना कोतवाली नर्मदापुरम क्षेत्र का है, जहां आरोपी ने तंत्र-मंत्र और काल्पनिक कहानियों के जाल में फंसाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा एस. थोटा (IPS) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित जांच कर आरोपी को हिरासत में लिया।

ऐसे रची गई साजिश:- 17 फरवरी 2025 को फरियादी राकेश कुमार वर्मा (63) निवासी मदन कॉलोनी, नर्मदापुरम ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी अंकित शर्मा (निवासी आदर्श नगर, आईटीआई क्षेत्र) ने दफ़ीना निकालने और सोना मिलने के बाद पुलिस से बचाने के नाम पर उनसे ऑनलाइन और नगद मिलाकर करीब 1,04,14,150 रुपये ठग लिए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में फरियादी का कार चालक रह चुका है। उसने पहले विश्वास कायम किया, फिर तंत्र-मंत्र और गड़ा हुआ सोना निकालने की कहानियां सुनाकर अपने घर खुदाई करवाई। खुदाई में निकली एक पोटली को बिना खोले पुलिस का डर दिखाकर फरियादी की तिजोरी में रखवा दिया गया। करीब एक सप्ताह बाद आरोपी ने उज्जैन के एक काल्पनिक “महाराज” की कहानी गढ़ी और पोटली की जानकारी पुलिस तक पहुंचने की बात कहकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद तथाकथित साधु की हत्या की मनगढ़ंत कहानी सुनाकर फरियादी को और भयभीत किया गया, जिसके चलते उन्होंने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन, नगद भुगतान और गोल्ड लोन के माध्यम से बड़ी रकम आरोपी को दे दी। मामले में थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अपराध क्रमांक 156/2026 अंतर्गत धारा 308(6), 308(7), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। आरोपी अंकित शर्मा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक अजमेश चंद्रोल, रवि कुशवाह, हरीश, अविनाशी एवं रामकुमार वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील: आमजन तंत्र-मंत्र, दफ़ीना या गड़ा सोना निकालने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!