संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर/माखन नगर। जिले में अब तक की सबसे बड़ी सरकारी अनाज चोरी का मामला सामने आया है। माखन नगर क्षेत्र के ग्राम चीलाचोन स्थित एकलव्य वेयरहाउस से करीब 10,200 बोरी सरकारी मूंग गायब पाई गई है। चोरी गई मूंग की अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, वेयरहाउस के शाखा प्रबंधक ने मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को सूचना दी कि एकलव्य वेयरहाउस में रखी लगभग 10 हजार बोरियां मूंग कम पाई जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कलेक्टर को अवगत कराया गया। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक टीम गठित की गई और मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया गया। वेयरहाउस का ताला बंद होने के कारण प्रशासन ने विधिवत प्रक्रिया के तहत ताला तोड़कर निरीक्षण किया। जांच में 10,200 बोरी मूंग कम पाई गई।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इसकी बाजार कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है। बताया जा रहा है कि शाखा प्रबंधक द्वारा वेयरहाउस मालिक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन मालिक के आने में आनाकानी की गई, जिससे संदेह और गहरा गया है।


आरोप-प्रत्यारोप शुरू:- घटना के बाद से वेयरहाउस प्रबंधन और अधिकारियों के बीच आरोप – प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
जिले का सबसे बड़ी मूंग चोरी:- जानकारों का मानना है कि यह मामला जिले में अब तक का सबसे बड़ा सरकारी मूंग चोरी कांड हो सकता है। सवाल उठ रहे हैं कि: ताला बंद गोदाम से इतनी बड़ी मात्रा में अनाज कैसे गायब हुआ? क्या रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया? निगरानी तंत्र क्यों विफल रहा?
प्रशासनिक टीम द्वारा आगे की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और क्या इस बहुचर्चित मामले में कठोर कार्रवाई होगी।
