प्रतियोगिता में बेस्ट पोजर का खिताब मिर्जा जमाल ने अपने नाम किया

सोहागपुर// नर्मदापुरम। शहर के अग्निहोत्री गार्डन में शनिवार को आयोजित संभाग स्तरीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप ‘नर्मदा रत्न 2026’ में युवाओं का जोश और फिटनेस का अद्भुत संगम देखने को मिला। देर रात तक चले मुकाबलों में प्रतिभागियों ने मंच पर अपने शरीर सौष्ठव, संतुलन और पोजिंग का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन नर्मदापुर युवा मंडल एवं जिला बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन द्वारा स्व. आनंद सोलंकी मेमोरियल इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन के मार्गदर्शन तथा राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्यप्रदेश के तत्वावधान में किया गया। आयोजन में संभाग के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया।
रात लगभग 12 बजे हुए फाइनल मुकाबले में नर्मदापुरम के निशांत सरयाम और मिर्जा जमाल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्णायकों ने मांसपेशियों की परिभाषा, स्टेज प्रेजेंस, संतुलित संरचना और आत्मविश्वासपूर्ण पोजिंग के आधार पर निशांत सरयाम को ‘नर्मदा रत्न 2026’ का विजेता घोषित किया। परिणाम घोषित होते ही दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
नर्मदा रत्न 2026 – निशांत सरयाम (नर्मदापुरम)
बेस्ट पोजर – मिर्जा जमाल
बेस्ट मस्कुलर मैन – हकीम खान (बैतूल)
बेस्ट इम्प्रूव बॉडी – ज्यॉल नॉटन (इटारसी)
मैन फिजिक चैंपियन – ज्यॉल नॉटन (इटारसी)
विजेताओं को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ खादी ग्राम उद्योग के पूर्व अध्यक्ष जीतेन्द्र लिटोरिया ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। प्रारंभ में पुलवामा हमले में शहीद जवानों की स्मृति में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया। साथ ही खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्थानीय प्रतिभाओं को खेल अलंकरण अवार्ड से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में माया नारोलिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि फिटनेस केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज की आधारशिला है। समापन अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन ने नर्मदापुरम में बॉडी बिल्डिंग खेल को नई दिशा देने के साथ युवाओं में स्वास्थ्य और अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
