पिपरिया: पुलिस ने अंधे हत्याकांड का किया खुलासा।

चरित्र संदेह को लेकर दिया हत्याकांड को अंजाम।

सोहागपुर/पिपरिया // पिपरिया में हुए एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का खुलासा थाना पिपरिया पुलिस द्वारा किया गया है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19 दिसंबर को फरियादी मधु कुमार मेहरा, निवासी कन्हवार द्वारा अपने 32 वर्षीय भाई राधेश्याम मेहरा, निवासी रामविलास कॉलोनी पिपरिया की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना पिपरिया में दर्ज कराई गई थी, रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा मार्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस को जांच के दौरान दिनांक 21 दिसंबर को मृतक के भाई सुरेश मेहरा ने बताया कि मृतक की मोटरसाइकिल (MP 20 KM 2342) गांव का युवक सनमान बाल्मीकि चला रहा है, जो बरेली की ओर गया है। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी का मोबाइल बंद पाया गया और वह अपने घर पर भी नही था। दिनांक 23 दिसंबर को पुलिस को रेलवे ब्रिज के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई सूचना पर पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 75/2025 धारा 194 BNSS के तहत मामला दर्ज किया गया। शव की पहचान पूर्व से लापता राधेश्याम मेहरा के रूप में हुई। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन (रा.पु.से.) के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पिपरिया मोहित कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।तकनीकी साक्ष्य एवं CCTV फुटेज के आधार पर संदेही सनमान बाल्मीकि को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे मृतक राधेश्याम मेहरा के अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का संदेह था।आरोपी के अनुसार दिनांक 18 दिसंबर को दोपहर करीब 1 बजे वह मृतक को शराब पीने के बहाने अपने कुचबंदिया मोहल्ला स्थित किराये के मकान में ले गया। शराब के नशे में होने पर आरोपी ने लकड़ी चीरने की छेनी से मृतक की गर्दन पर तीन वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक का वीडियो बनाकर अपनी पत्नी को धमकी दी। इसके बाद शव को गद्दे और पन्नी में लपेटकर नाले में फेंक दिया। मृतक का मोबाइल झील में फेंका गया तथा मोटर साइकिल को छुपाकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छेनी, हाथ ठेला, मृतक की मोटर साइकिल एवं घटना से संबंधित वीडियो युक्त मोबाइल जप्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया ।

अंधे हत्याकांड के खुलासा करने में प्रमुख भूमिका में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उनि राजेन्द्र सिंह कुशवाहा, उनि मानिक सिंह बट्टी, उनि भागचंद धुर्वे, सउनि सुशील कुशवाहा, सउनि ओमप्रकाश ठाकुर सहित थाना पिपरिया स्टाफ एवं साइबर सेल नर्मदापुरम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!