नर्मदापुरम के 438 किसानों को मिलेगा सोलर पम्प का लाभ

पीएम कुसुम-बी योजना के तहत 90% अनुदान, 25 से 27 फरवरी तक जनपद पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित

संवाददाता:- शेख आरिफ।

नर्मदापुरम/सोहागपुर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना (PM-KUSUM B) के अंतर्गत नर्मदापुरम जिले के किसानों को सिंचाई के लिए सोलर पम्प उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल की गई है। म.प्र. ऊर्जा विकास निगम द्वारा जिले के 438 किसानों का चयन ऑफ-ग्रिड सोलर पम्प वितरण हेतु किया गया है। योजना के तहत 1 हॉर्स पावर से 7.5 हॉर्स पावर तक के सोलर पम्प किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर प्रदान किए जाएंगे, जिसमें 30 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार एवं 60 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इस योजना से किसानों को दिन के समय निर्बाध सिंचाई सुविधा मिलेगी, डीजल व विद्युत खर्च में कमी आएगी तथा खेती की लागत घटने से आय में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी।

कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन के मार्गदर्शन में 25, 26 एवं 27 फरवरी को जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। 25 फरवरी को जनपद पंचायत पिपरिया में आयोजित शिविर में पिपरिया, बनखेड़ी एवं सोहागपुर क्षेत्र के किसान भाग लेंगे। 26 फरवरी को जनपद पंचायत नर्मदापुरम में माखन नगर, नर्मदापुरम एवं इटारसी तहसील के चयनित आवेदक उपस्थित रहेंगे। वहीं 27 फरवरी को जनपद पंचायत सिवनी मालवा में सिवनी मालवा एवं डोलरिया क्षेत्र के किसानों के लिए शिविर लगाया जाएगा। जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी नरेन्द्र कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (AIF) के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएंगी तथा सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया के प्रतिनिधियों द्वारा चयनित किसानों की कस्टमर इंफॉर्मेशन फाइल (CIF) तैयार की जाएगी, ताकि ऋण व अनुदान से संबंधित कार्यवाही शीघ्र पूर्ण हो सके। उन्होंने किसानों से अपील की है कि निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाएं। यह पहल जिले में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!