नरवाई की आग से तबाही: खरगावली ढाना में उजड़े घर, पीड़ा बांटने पहुंचे विधायक विजयपाल सिंह

दुख की घड़ी में ग्रामीणों के बीच पहुंचे जनप्रतिनिधि, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा

सोहागपुर/माखननगर// क्षेत्र के ग्राम खरगावली ढाना में खेतों में लगी नरवाई की भीषण आग ने कई परिवारों की जिंदगी को पल भर में तबाह कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान, पालतू पशु, भूसा और अनाज जलकर राख हो गए। जिन परिवारों के सिर पर छत थी, वे अब खुले आसमान के नीचे खड़े हैं—आंखों में आंसू और भविष्य को लेकर चिंता साफ नजर आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके साथ तहसीलदार, पटवारी सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा।

विधायक ने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी स्थिति का जायजा लिया और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं। शासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी और नुकसान का सही आकलन कर जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने भी विधायक की तत्परता की सराहना करते हुए कहा— विधायक हो तो ऐसा, जो दुख-सुख में सबसे पहले हमारे बीच खड़ा मिले। यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण साबित हुआ, जहां जनप्रतिनिधि ने इंसानियत और जिम्मेदारी दोनों का परिचय दिया।

इस भीषण हादसे ने जहां कई परिवारों को गहरे दर्द में डाल दिया है, वहीं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से अब लोगों को राहत और पुनर्वास की उम्मीद जगी है। सभी की निगाहें अब जल्द मिलने वाली सहायता पर टिकी हैं, ताकि उजड़े घरों में फिर से खुशियों की रोशनी लौट सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!