नई बस नीति के विरोध में 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

संवाददाता:- शेख आरिफ।

अध्यक्ष संजय शिवहरे ने दी आंदोलन की घोषणा, मांगें नहीं मानीं तो थम जाएंगे बसों के पहिए

नर्मदापुरम/सोहागपुर। स्टेज कैरिज बसों के संचालन को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा लाई जा रही नई नीति के विरोध में बस संचालकों ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। 22 फरवरी 2026 को सागर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में विभिन्न जिलों से पहुंचे बस मालिकों एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि शासन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 2 मार्च 2026 से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। बैठक में बस संचालकों ने 24 दिसंबर 2025 एवं 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधनों को दमनकारी बताते हुए उन्हें तत्काल निरस्त करने की मांग की है। साथ ही वर्तमान में लागू बस संचालन व्यवस्था को यथावत बनाए रखने पर जोर दिया गया। संचालकों का कहना है कि वे कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।

अध्यक्ष संजय शिवहरे ने स्पष्ट कहा कि नई नीति के प्रावधान व्यवहारिक नहीं हैं और इससे परिवहन व्यवसाय आर्थिक रूप से प्रभावित होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो 2 मार्च से प्रदेशभर में बसों के पहिए थम जाएंगे और इससे उत्पन्न स्थिति के लिए शासन स्वयं जिम्मेदार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!