जिला आपूर्ति अधिकारी बोलीं—आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, फिर भी पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़; कई जगह ड्रम-केनों में ईंधन भरकर कर रहे लोग स्टॉक
संवाददाता:- शेख आरिफ।
सोहागपुर// जिले में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला आपूर्ति अधिकारी रश्मि साहू ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान खपत को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले की जरूरत के अनुरूप एलपीजी गैस का भी पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। प्रशासन द्वारा पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी के स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन का आश्वासन, फिर भी पंपों पर भीड़


हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन के बावजूद जिले के विभिन्न शहरों और कस्बों में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ ड्राम, केन और कुप्पियों में भी पेट्रोल-डीज़ल भरकर स्टॉक करते नजर आ रहे हैं। वहीं कई स्थानों से यह भी खबर सामने आई है कि कुछ पेट्रोल पंप ऑपरेटरों ने फिलहाल डीज़ल की सप्लाई कम कर दी है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोलियम पदार्थों की खरीद करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव न पड़े और सभी उपभोक्ताओं को ईंधन आसानी से उपलब्ध हो सके।
