ईदगाह में अदा हुई ईद की नमाज, अमन-चैन और भाईचारे का दिखा संदेश

सोहागपुर// ईद-उल-फितर का त्यौहार सोहागपुर नगर में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। नगर के ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की। मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष वसीम खान ने बताया कि ईद – उल – फितर की मुख्य नमाज ईदगाह में अदा की गई, जहां सोहागपुर मरकज़ जामा मस्जिद के पेश इमाम जनाब मौलाना अब्दुल जब्बार कासमी साहब ने नमाज अदा कराई। वहीं आरिफ खान मामू ने बताया की वक्फ कायमखानी मस्जिद में सुबह 9:30 बजे जनाब हाफिज व कारी मोहम्मद मरगूब रज़ा कादरी साहब ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में आपसी भाईचारे, अमन-चैन, खुशहाली तथा देश को हर प्रकार की बुरी नजर और साजिशों से सुरक्षित रखने के लिए विशेष दुआ की गई। इसके पश्चात लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। कई लोग कब्रिस्तान पहुंचकर अपने पूर्वजों को याद करते हुए उनकी मगफिरत के लिए अल्लाह से दुआ करते नजर आए। ईद के अवसर पर नगर में सामाजिक समरसता की मिसाल भी देखने को मिली।


हिंदू समाज के लोगों ने अपने मुस्लिम भाइयों को दूरभाष (फोन) एवं सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर ईद की शुभकामनाएं प्रेषित कीं, जिससे आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना और मजबूत होती नजर आई। ईद के मौके पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नए वस्त्रों में सजे बच्चे ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा करते दिखाई दिए, जिससे पर्व की रौनक और बढ़ गई। ईदगाह परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के मद्देनजर एवं मुस्लिम भाइयों को ईद की शुभकामनाएं देने अनुविभागीय अधिकारी पुलिस संजू चौहान, तहसीलदार रामकिशोर झरबड़े, थाना प्रभारी उषा मरावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि यशवंत पटेल, आदिवासी नेता राजकुमार रघुवंशी, भाजपा युवा नेता सौरभ अग्रवाल, पार्षद भास्कर मांझी, जयभानु सिंह चंदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मुस्लिम समाज को ईद की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। ईद का पर्व हमें आपसी प्रेम, सौहार्द और इंसानियत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, जहां हर दिल में भाईचारा और हर घर में खुशहाली का उजाला बना रहे।
