सोहागपुर : भ्रष्टाचार पर लोकायुक्त का करारा प्रहार, 20 हजार की रिश्वत लेते बैंक शाखा प्रबंधक दबोचा

संवाददाता: शेख आरिफ

सोहागपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त भोपाल ने करारा वार करते हुए जिला सहकारी बैंक मर्यादित सोहागपुर के भ्रष्ट शाखा प्रबंधक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों पर तथा डीआईजी श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।लोकायुक्त के अनुसार आरोपी शाखा प्रबंधक दिनेशचंद दुबे (59 वर्ष) शासकीय समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदी से जुड़े हम्मालों और कर्मचारियों के भुगतान को रिश्वत का जरिया बना रहा था। प्रति एक लाख रुपये के भुगतान पर 10 प्रतिशत कमीशन की खुली मांग की जा रही थी। मौजूदा भुगतान करीब दो लाख रुपये का था, जिसके बदले 20 हजार रुपये की अवैध वसूली की जा रही थी।

पीड़ित आवेदक कैलाश कुशवाह, निवासी सिटी अगोना, तहसील सोहागपुर, ने इस खुलेआम चल रहे भ्रष्ट खेल की शिकायत 1 जनवरी को पुलिस अधीक्षक श्री दुर्गेश कुमार राठौर से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और 8 जनवरी 2026 को बैंक परिसर में ही आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से बैंक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!