संवाददाता:- शेख आरिफ।
सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व प्रबंधन की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने सराहनीय पहल

सोहागपुर// ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व प्रबंधन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व नर्मदापुरम की क्षेत्र संचालक श्रीमती राखी नंदा एवं उपसंचालक श्रीमती ऋषिभा सिंह नेताम के मार्गदर्शन में बागड़ा बफर क्षेत्र के अंतर्गत एक माह पूर्व ग्राम छेड़का में ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया था। यह प्रशिक्षण ईको विकास समितियों से जुड़ी ग्रामीण बालिकाओं एवं महिलाओं के कौशल उन्नयन एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम छेड़का, सियारखेड़ा, टेकापार, सेहरा एवं कामती की कुल 20 महिलाओं ने भाग लेकर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।


प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सतपुड़ा टाइगर रिज़र्व की ओर से प्रत्येक प्रशिक्षित महिला को मेकअप किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सहायक संचालक श्री आशीष खोब्रागड़े एवं परिक्षेत्र अधिकारी श्री विलास डोंगरे ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकती हैं।कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षक चेतना कुशवाहा, परिक्षेत्र सहायक मुकेश बरकरे, दीपक राजपूत, दुष्यंत कुमार मीना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
