सोहागपुर शहर में बढ़ती चोरी घटनाओं ने भी बढ़ाई नागरिकों की चिंता
सोहागपुर// 17 जनवरी 2026 की रात सोहागपुर के लिए कभी न भूलने वाली बन गई। चौधरी पेट्रोल पंप के सामने घटित भीषण सड़क दुर्घटना में ग्राम आमदेही निवासी तीन होनहार युवा छात्रों की दर्दनाक मौत ने पूरे नगर को गहरे शोक में डुबो दिया। खड़ी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर तीन परिवारों के चिराग बुझ गए। यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की भारी चूक का परिणाम माना जा रहा है।नगर में मातम पसरा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख सवाल पूछ रही है—क्या यह हादसा रोका नहीं जा सकता था? स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का शहर में बेलगाम आवागमन लगातार खतरा बना हुआ है, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस हृदय विदारक घटना के बाद ब्लॉक कांग्रेस ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंप

इस गंभीर घटना के बाद युवा कांग्रेस ने पुलिस एवं प्रशासन से मांग की है कि शहर में संचालित ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और उनके नगर में प्रवेश व संचालन का समय निर्धारित किया जाए। साथ ही, हाई स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर का निर्माण कर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
बढ़ती चोरी से भी दहशत का माहौल:- दूसरी ओर, सोहागपुर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने आम नागरिकों की चिंता और भय को और बढ़ा दिया है। चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।युवा कांग्रेस ने पुलिस विभाग से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्धों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।संगठन का कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई और सतत निगरानी नहीं होगी, तब तक न तो सड़कें सुरक्षित होंगी और न ही शहर में भयमुक्त वातावरण बन पाएगा।
अब सवाल यह है कि:- क्या तीन युवाओं की मौत के बाद सिस्टम जागेगा, या फिर अगली दुर्घटना का इंतजार किया जाएगा ?
