शांति व्यवस्था बनाए रखने कस्बा भ्रमण, संदिग्धों पर नजर, होटल-लॉज व वाहनों की सघन जांच

सोहागपुर// आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कस्बे में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र में नियमित रूप से कस्बा भ्रमण कर संवेदनशील स्थलों की निगरानी की जा रही है, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा होटल, लॉज एवं ढाबों की सघन चेकिंग कर आगंतुकों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। संचालकों को निर्देशित किया गया है कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को ठहराया न जाए तथा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए। इसके साथ ही शहर की सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के विरुद्ध हिदायत के साथ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात नियमों के उल्लंघन, बिना हेलमेट वाहन संचालन तथा कागजात अधूरे पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या असामाजिक गतिविधि को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
प्रशासन की इस सक्रियता से कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती दिखाई दे रही है और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
